बचपन में हम सभी ने संतरे (Orange) के छिलकों का रस एक-दूसरे की आंखों में डालकर जरूर खेला है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि स्वाद से भरा यह फल आपकी पूरी बॉडी को डिटॉक्स कर सकता है? अगर आपके चेहरे पर झुर्रियां (Anti-aging) आ रही हैं, इम्यून सिस्टम कमजोर है या फिर गैस और कब्ज की शिकायत रहती है, तो आपकी डाइट में एक चीज की कमी हो सकती है, और वो है संतरा।
डॉ. अलका ठाकुर के अनुसार, लोग अक्सर संतरे के अंदर के सफेद रेशे, छिलके और बीज फेंक देते हैं, जबकि असल में सबसे ज्यादा न्यूट्रिशन उन्हीं में छिपा होता है। आइए समझते हैं इसके क्या-क्या फायदे हैं और इसे सही तरीके से कैसे इस्तेमाल करना चाहिए।
संतरे के सफेद रेशे और छिलके क्यों हैं जरूरी?
जब हम संतरा छीलते हैं, तो उसके ऊपर लगे सफेद रेशों को पूरी तरह साफ कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि वे सफेद रेशे असली फाइबर होते हैं? यही फाइबर हमारे डाइजेशन को सुधारता है और आंतों के गुड बैक्टीरिया (Good bacteria) का खाना बनता है, जिससे कब्ज और गैस की समस्या से राहत मिलती है।
इसके अलावा, संतरे के छिलकों की तासीर गर्म होती है। छिलके में अंदर के गूदे से ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन सी और फ्लेवोनोइड्स पाए जाते हैं। संतरे के छिलके की चाय पीने से आपका इम्यून सिस्टम कहीं ज्यादा बेहतर होता है। चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाने के लिए दूध या दही के साथ इसका फेस पैक भी बेहतरीन काम करता है।
किडनी स्टोन और कोलेस्ट्रॉल में संतरे का असर
आजकल किडनी स्टोन (Kidney Stone) की समस्या बहुत आम हो गई है, जो अक्सर कैल्शियम ऑक्सालेट के कारण बनती है। संतरे में साइट्रिक एसिड और साइट्रेट्स मौजूद होते हैं, जो स्टोन को बनने से रोकने में मदद कर सकते हैं।
अगर आपको बहुत ज्यादा ट्रेवलिंग या बैठे रहने की वजह से पैरों में सूजन आ जाती है, या कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा हुआ है, तो संतरा बहुत फायदेमंद है। इसमें मौजूद पोटैशियम शरीर की सूजन और स्ट्रेस दोनों को कम करने में मदद करता है।
आयरन को सोखने और स्किन टाइट करने में मददगार
अगर आप पालक या कोई आयरन से भरपूर चीज खा रहे हैं, तो उसके साथ संतरा (विटामिन सी) जरूर लें। विटामिन सी आपके शरीर में आयरन के एब्जॉर्प्शन (सोखने की क्षमता) को बढ़ा देता है, जिससे खून (RBC) तेजी से बनता है।
चेहरे की लटकती स्किन और झुर्रियों को रोकने के लिए शरीर में 'कोलेजन' का बनना जरूरी है, और संतरा कोलेजन का बेहतरीन सोर्स है।
संतरा, किन्नू, मौसमी और गागर में क्या अंतर है?
बाजार में संतरे जैसी कई चीजें दिखती हैं, जिन्हें लेकर अक्सर हम कंफ्यूज हो जाते हैं:
- संतरा (Orange): इसका छिलका पतला और मुलायम होता है, ये ज्यादा शाइनी नहीं होता। नागपुर के संतरे सबसे अच्छे माने जाते हैं।
- किन्नू (Kinnow): यह हाइब्रिड है। इसका छिलका मोटा और बहुत चमकदार (Polished) होता है। इसका इस्तेमाल ज्यादातर जूस निकालने में होता है।
- मौसमी (Sweet Lime): यह हरा होता है। गर्मियों में गैस, एसिडिटी और वीकनेस दूर करने के लिए इसका जूस सबसे अच्छा माना जाता है।
- गागर (Pomelo/डाब नींबू): यह 1 से 2 किलो का बहुत बड़ा नींबू होता है (अक्सर छठ पूजा में चढ़ता है)। वजन कम करने और शुगर कंट्रोल करने के लिए यह बहुत फायदेमंद है।
| फल का प्रकार | मुख्य पहचान | सबसे बड़ा फायदा |
| संतरा | पतला, मुलायम छिलका | स्किन और इम्यूनिटी के लिए |
| किन्नू | मोटा, चमकदार छिलका | जूस के लिए बेहतरीन |
| मौसमी | हरा रंग | गैस और एसिडिटी में राहत |
| गागर | आकार में सबसे बड़ा | वजन और शुगर कंट्रोल |
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
Q. दिन में कितने संतरे खाने चाहिए?
Ans. 1 दिन की विटामिन सी की जरूरत पूरी करने के लिए एक से दो संतरे खाना काफी होता है।
Q. क्या संतरे का जूस पीना फल खाने से बेहतर है?
Ans. फल खाना ज्यादा बेहतर है, क्योंकि इसमें फाइबर (सफेद रेशे) मौजूद होता है, जबकि जूस निकालने पर फाइबर कम हो जाता है।
Q. संतरे के बीज के क्या फायदे हैं?
Ans. संतरे के बीज में विटामिन सी, B6 और मैग्नीशियम होता है। इसके बीजों के पाउडर को इम्युनिटी बढ़ाने और तेल को दर्द कम करने में इस्तेमाल किया जाता है।
Q. संतरे के छिलके का आंखों पर क्या असर होता है?
Ans. संतरे के छिलके में लाइमोनेन (Limonene) नाम का रस होता है। इसकी खुशबू स्ट्रेस कम करने और मूड को फ्रेश करने में मदद करती है।
Q. नागपुर को ऑरेंज सिटी क्यों कहा जाता है?
Ans. क्योंकि नागपुर में खाने वाले सबसे बेहतरीन और मुलायम छिलके वाले संतरे उगाए जाते हैं।
अस्वीकरण: यह लेख डॉ. अलका ठाकुर के सुझावों पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या, स्टोन या बीमारी के लिए अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।








